नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने कुश्ती दंगल में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया, ₹5 लाख की कुश्ती में शेर गुर्जर पहलवान ने मारी बाजी।

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा आज दिनांक 02 नवंबर 2026 को महाविद्या रामलीला मैदान में राष्ट्र स्तरीय विशाल कुश्ती महाकुंभ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने प्रतिभाग कर अपने कुश्ती कौशल, दमखम एवं खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने विशेष रूप से पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए पारंपरिक भारतीय खेल कुश्ती को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

मथुरा की धरती का कुश्ती एवं मल्लविद्या से प्राचीन और गौरवशाली संबंध रहा है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में कुश्ती की परंपरा का विशेष ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण की मल्लयुद्ध से जुड़ी लीलाएं ब्रज की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने, पारंपरिक भारतीय खेलों को प्रोत्साहन देने तथा युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस विशाल कुश्ती महाकुंभ का आयोजन किया गया।

₹5 लाख की इनामी कुश्तियां रहीं मुख्य आकर्षण

कुश्ती महाकुंभ में ₹100 से लेकर ₹5 लाख तक की विभिन्न इनामी कुश्तियां आयोजित की गईं। प्रमुख मुकाबलों में ₹5-5 लाख की दो बड़ी कुश्तियां, ₹3-3 लाख की दो कुश्तियां तथा ₹2 लाख की एक कुश्ती शामिल रही।

₹5 लाख की पहली बड़ी कुश्ती में शेरा गुर्जर पहलवान (फतेहाबाद, आगरा, उत्तर प्रदेश) एवं भूपेंद्र पहलवान अजनाला (पंजाब) के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में शेर गुर्जर पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की।

वहीं दूसरी ₹5 लाख की बड़ी कुश्ती में उमेश पहलवान कारव (मथुरा) एवं मंजीत पहलवान खत्री (हरियाणा) के बीच मुकाबला आयोजित किया गया। इन प्रमुख मुकाबलों में प्रतिभाग करने वाले चारों पहलवान भारत केसरी हैं।

इसके अतिरिक्त अजय बारन, कलुआ गुर्जर, जॉनी गुर्जर, अंकित कारव, विक्रम जाट, भारत धांगोलिया, संजय पहलवान सहित अनेक नामी पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। हरकेश (खली) एवं छोटे पहलवान छोटू की उपस्थिति भी आयोजन के आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में नगर निगम के उपसभापति श्री मुकेश सारस्वत सहित माननीय पार्षदगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ पहलवानों का मनोबल बढ़ाया तथा रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया।

इस अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा ब्रज की पारंपरिक खेल संस्कृति एवं भारतीय कुश्ती की गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।