मथुरा । उच्च न्यायालय, इलाहाबाद, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार  01 नवम्बर, 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से पांचजन्य प्रेक्षागृह, डैम्पियर नगर, मथुरा में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जनपद न्यायाधीश, मथुरा श्री अजय पाल सिंह द्वारा की गई।

कार्यक्रम में अपर जिला जज डॉ. पल्लवी अग्रवाल, श्री संतोष कुमार त्रिपाठी, श्री राजेश पाराशर, श्री अरविन्द कुमार यादव, श्रीमती नीलम ढाका, श्री अनुराग शर्मा, श्री विद्या भूषण पाण्डेय, श्री बृजेश कुमार, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेलवे श्री सूर्यभान कुमार वर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अनीता सिंह, पीठासीन अधिकारी अतिरिक्त न्यायालय श्री लाल बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट श्री अनुपम कुमार मिश्र सहित अनेक न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी तथा चिकित्सकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री अजय पाल सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरान्त विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वन्दना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

*285 लाभार्थियों को मिला विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ*

शिविर के माध्यम से शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विशेष रूप से गरीब, वंचित, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग के कुल 285 लाभार्थियों को प्रदान किया गया। इसमें जिला विकास विभाग के 10, ग्रामीण विकास विभाग के 10, पंचायतीराज विभाग के 05, समाज कल्याण विभाग के 10, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के 15, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के 05, महिला एवं बाल कल्याण विभाग के 15, जिला प्रोबेशन अधिकारी विभाग के 10, शिक्षा विभाग के 10, कौशल विकास विभाग के 10, राजकीय औद्योगिक एवं तकनीकी संस्थान के 10, कृषि एवं वानिकी विभाग के 05, कृषि उत्पादन मंडी समिति के 05, बैंक सहायता ऋण योजना के 10, लघु, कुटीर एवं सूक्ष्म तथा मध्यम उद्यम विभाग के 05, श्रम कल्याण विभाग के 05, दुग्ध विभाग के 10, राजस्व विभाग के 10, डाक विभाग के 05, चिकित्सा विभाग के 10, वन विभाग के 05, जिला नगरीय विकास अभिकरण के 10, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के 10, विद्युत वितरण विभाग के 05, खाद्य सुरक्षा एवं रसद विभाग के 05, आदि विभागों के लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया गया।

*विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, योजनाओं की दी गई जानकारी*

मेगा शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। जिला कारागार, मथुरा द्वारा जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित पोशाकें, धोती, गमछा, हर्बल गुलाल आदि उत्पादों की विशेष स्टॉल भी लगाई गई।

प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री अजय पाल सिंह ने अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में आपदा प्रभावित व्यक्तियों, आयुष्मान कार्ड एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप सहायता एवं उपकरण, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मान, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभ, प्रशिक्षित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड, पीएम स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभ तथा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए।

*विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय एवं योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना : प्रभारी जनपद न्यायाधीश*

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री अजय पाल सिंह ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा गांव-गांव, शहर-शहर, गली-मोहल्लों एवं बस्तियों तक पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति को विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों, उनके अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। शिविरों के माध्यम से आमजन को कानून एवं उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस प्रकार के शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर न केवल आमजन में जागरूकता बढ़ाने का माध्यम हैं, बल्कि लोगों को न्यायिक व्यवस्था एवं सरकारी सुविधाओं से सीधे जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

*कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे : सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण*

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मथुरा श्रीमती अनीता सिंह ने कहा कि आमजन को सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता से जोड़ने के उद्देश्य से इस मेगा शिविर के माध्यम से एक विशेष पहल की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर गरीब, कमजोर वर्ग, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रमिकों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। कोई भी व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों एवं न्याय प्राप्त करने से वंचित न रह जाए। इसी उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा निरंतर विधिक जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री राहुल अग्रवाल, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल, मथुरा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेलवे के समस्त कर्मचारीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पराविधिक स्वयंसेवकगण, पैनल अधिवक्तागण, मध्यस्थगण तथा सैकड़ों की संख्या में लाभार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।