मथुरा। ब्रज क्षेत्र के युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर को केडी विश्वविद्यालय के सभागार में आईआईटी दिल्ली और कोटक महिंद्रा बैंक के संयुक्त प्रयासों से राष्ट्रीय बिज़लैब्स कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में युवा उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों, विद्यार्थियों और नवप्रवर्तकों को विशेषज्ञों से संवाद तथा अपने व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
आईआईटी दिल्ली और कोटक महिंद्रा बैंक की कोटक बिज़लैब्स पहल के सहयोग से होने वाला यह आयोजन कोटक बिज़लैब्स एक्सेलरेटर प्रोग्राम 2.0 का हिस्सा है। यह बैंक की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य छोटे शहरों और कस्बों की उद्यमशील प्रतिभाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान पर आधारित व्यवसाय विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
‘नेटवर्क बनाएं, सीखें और विस्तार करें’ की भावना पर केंद्रित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को अनुभवी उद्यमियों और विशेषज्ञों से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा। विभिन्न सत्रों में व्यावसायिक विचार को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, स्थानीय जरूरतों को उद्यम के अवसर में बदलने, शुरुआती ग्राहकों तक पहुंचने और व्यवसाय स्थापित करने के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली की ओर से स्टार्टअप्स को उपलब्ध कराए जाने वाले सहयोग और कोटक बिज़लैब्स एक्सेलरेटर प्रोग्राम की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही, इस कार्यक्रम से जुड़े एक सफल स्टार्टअप की उद्यम यात्रा साझा की जाएगी, जिससे प्रतिभागी विचार को व्यवसाय में बदलने की व्यावहारिक प्रक्रिया समझ सकें।
ब्रज क्षेत्र में कृषि, डेयरी, हस्तशिल्प, धार्मिक पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े उद्यमों की व्यापक संभावनाएं हैं। केडी विश्वविद्यालय का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से ब्रज मण्डल के युवाओं और संस्थाओं को इन क्षेत्रों की जरूरतों को पहचानने और उनके समाधान के लिए उपयोगी उत्पाद एवं सेवाएं विकसित करने की दिशा में प्रेरित करना है। स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। आयोजकों ने उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवाओं, विद्यार्थियों, नवप्रवर्तकों और स्टार्टअप संस्थापकों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।