मथुरा । इंडियनऑयल की मथुरा रिफाइनरी ने वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए संस्था 'वाइल्डलाइफ एसओएस' (एलिफेंट कंजर्वेशन एंड केयर सेंटर, फराह, मथुरा) को दो विशेष रूप से डिजाइन की गई एम्बुलेंस प्रदान की हैं। ये एम्बुलेंस संकट में फंसे, घायल एवं अस्वस्थ वन्यजीवों के सुरक्षित व त्वरित रेस्क्यू तथा परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। 

वाइल्डलाइफ एसओएस विगत कई वर्षों से वन्यजीवों के रेस्क्यू, उपचार और पुनर्वास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संस्था हाथियों के अलावा भालू, तेंदुए, मगरमच्छ, सांप और अन्य वन्यजीवों को बचाने तथा उनके स्वास्थ्य सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। 

मथुरा रिफाइनरी द्वारा प्रदान की गई इन विशेष एम्बुलेंस में रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को सुरक्षित रूप से उपचार एवं पुनर्वास केंद्र तक पहुंचाने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा उपकरण, पशुओं की सुरक्षित हैंडलिंग, परिवहन के दौरान आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा उपयुक्त तापमान बनाए रखने जैसी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यह वाहन सड़क दुर्घटनाओं या मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में घायल वन्यजीवों को समय पर रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। 
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, मथुरा रिफाइनरी, श्री मुकुल अग्रवाल ने कहा, "मथुरा रिफाइनरी समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनका संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा घायल एवं संकटग्रस्त जीवों के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। हमारी ओर से प्रदान की गई ये एम्बुलेंस वन्यजीवों को समय पर चिकित्सा सहायता और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने में सहायक होंगी। यह पहल हमारे सतत भविष्य और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का ही हिस्सा है।" 

मथुरा रिफाइनरी इससे पहले भी वाइल्डलाइफ एसओएस के शेल्टर विकास और अन्य पशु-देखभाल सुविधाओं के लिए सहयोग प्रदान करती रही है। रिफाइनरी और वाइल्डलाइफ एसओएस के बीच यह दीर्घकालिक साझेदारी पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीव कल्याण के प्रति इंडियनऑयल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।