मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में मनाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मथुरा के चौमुहां में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत चल रहे तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन नारी शक्ति वंदन एवं बहना सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद अरुण सिंह रहे। उन्होंने महिलाओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन एवं बहना सम्मान समारोह का आयोजन भव्य तरीके से किया गया है।
अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प अभियान के रूप में पूरे देश में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं का सम्मान किया जाना गर्व की बात है।
कार्यक्रम के संयोजक शोभाराम शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के सम्मान और उनके प्रति आदर व्यक्त करने के उद्देश्य से यह तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।