20 अक्टूबर को परिणय गार्डन में ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों के लिए प्रसादी, वृंदावन में 'हमारे राम' का भव्य मंचन तथा गोवर्धन, बरसाना एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विशेष पोशाक एवं फूल बंगला दर्शन
मथुरा-वृंदावन, 19 अक्टूबर 2026। स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप अपने संस्थापक स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी की 75वीं जन्म जयंती (हीरक जयंती) के अवसर पर सेवा, श्रद्धा, संत सम्मान एवं आध्यात्मिक मूल्यों को समर्पित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से उनके प्रेरणादायी जीवन, धार्मिक आस्था और समाज के प्रति सेवा भावना को स्मरण किया जा रहा है।
स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी एक दूरदर्शी उद्यमी, कर्मठ व्यक्तित्व एवं सिद्धांतों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उन्होंने सीमित संसाधनों से अपनी व्यावसायिक यात्रा प्रारंभ की और मेहनत, ईमानदारी तथा विश्वास के बल पर 'स्वीटी सुपारी' को विशिष्ट पहचान दिलाई। व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पारिवारिक संस्कार, धार्मिक आस्था और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहा।
उनके आदर्शों और विरासत को उनके सुपुत्र एवं एम. आर. ग्रुप के चेयरमैन श्री सुनील कुमार अग्रवाल जी तथा पौत्र एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री लव कुमार बंसल जी आगे बढ़ा रहे हैं।
हीरक जयंती के उपलक्ष्य में 18 अक्टूबर 2026 को ग्रीन वैली में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से सेवा एवं जनकल्याण की उस भावना को आगे बढ़ाया गया, जो स्वर्गीय श्री अग्रवाल जी के जीवन का अभिन्न हिस्सा रही।
20 अक्टूबर 2026 को प्रात: परिणय गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसमें ब्रज के विभिन्न क्षेत्रों से साधू-संतों एवं ब्रजवासियों की सहभागिता रहेगी। संत सेवा, अन्नदान और ब्रज समाज के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भावना से आयोजित यह प्रसादी स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी के धार्मिक संस्कारों, सेवा भावना और संतों के प्रति आदर को समर्पित रहेगी।
इसी क्रम में 20 अक्टूबर को गोवर्धन स्थित श्री दानघाटी मंदिर, बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर एवं मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुर जी की विशेष पोशाक एवं भव्य फूल बंगला दर्शन का आयोजन स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप परिवार की ओर से किया जाएगा।
इन तीनों पवित्र स्थलों से स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी का विशेष आत्मीय एवं आध्यात्मिक जुड़ाव रहा। वे अपने जीवनकाल में इन स्थानों पर श्रद्धापूर्वक दर्शन करने जाया करते थे। उनकी इसी गहरी आस्था और भावनात्मक लगाव को स्मरण करते हुए परिवार द्वारा इन धार्मिक आयोजनों का संकल्प लिया गया है। यह आयोजन उनके आराध्य ठाकुर जी के चरणों में परिवार की ओर से भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित करने का माध्यम है।
हीरक जयंती के मुख्य सांस्कृतिक आयोजन के अंतर्गत मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम, गीता शोध संस्थान में फेलिसिटी थिएटर की बहुचर्चित नाट्य प्रस्तुति हमारे राम' का भव्य मंचन किया जाएगा।
यह प्रस्तुति भगवान श्रीराम के जीवन, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों को भव्य मंच सज्जा, संगीत एवं प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से जीवंत करती है। इसमें राहुल आर. भूचर प्रभु श्रीराम, आशुतोष राणा रावण, दानिश अख्तर भगवान हनुमान, तरुण खन्ना भगवान शिव तथा अमृता परिहार माता सीता की भूमिका में नजर आएंगे।
भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों और स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी के सिद्धांतनिष्ठ जीवन के बीच भावनात्मक एवं वैचारिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए इस विशेष प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। यह मंचन उनके आदर्शों, संस्कारों और जीवन दर्शन को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है।
हीरक जयंती की तैयारियों में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री कन्हैयालाल अग्रवाल जी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उनके निरंतर स्नेह, अनुभव और सहयोग के प्रति एम. आर. ग्रुप परिवार हृदय से आभार व्यक्त करता है।
स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप की पूरी टीम पिछले लगभग तीन महीनों से हीरक जयंती की तैयारियों में समर्पण भाव से जुटी हुई है। मंच व्यवस्था, सजावट, फोटोग्राफी, भोजन, अतिथि सत्कार एवं अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सहयोगियों और उनकी टीमों का योगदान भी सराहनीय है। ग्रुप परिवार सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता है।
एम. आर. ग्रुप परिवार के लिए यह हीरक जयंती अपने संस्थापक के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने, संत सेवा एवं ब्रज समाज के प्रति सम्मान प्रकट करने और उनके प्रेरणादायी जीवन मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक भावपूर्ण अवसर है।
स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप परिवार स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी की पावन स्मृति को नमन करते हुए उनके द्वारा स्थापित सेवा, सत्यनिष्ठा, धर्म, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के आदर्शों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराता है।