ई-रिक्शा चालकों के साथ जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संवाद अधिवेशन की तैयारियों का नगर आयुक्त  ओजस्वी राज ने लिया जायजा

मथुरा-वृन्दावन। नगर आयुक्त महोदय श्री ओजस्वी राज जी द्वारा आगामी 13 अगस्त 2026 को पानीगांव रोड स्थित नवीन अनाज मंडी, वृन्दावन में आयोजित होने वाले “ई-रिक्शा चालकों के साथ जन-जागरूकता एवं संवाद अधिवेशन” की तैयारियों को लेकर नवीन अनाज मंडी, वृन्दावन का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त महोदय ने कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच, रेड कार्पेट, होर्डिंग, एलईडी स्क्रीन, बैठक व्यवस्था, ई-रिक्शा पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत प्लानिंग कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले ई-रिक्शा चालकों एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियों, कूलर, पंखे एवं पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
यह कार्यक्रम स्वच्छता, सुरक्षित यातायात एवं नागरिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा। कार्यक्रम के माध्यम से ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार तथा मथुरा-वृन्दावन की स्वच्छ एवं सुरक्षित छवि बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके अंतर्गत नगर निगम द्वारा ई-रिक्शाओं में डस्टबिन लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों एवं आमजन को कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया जा सके। 
ई-रिक्शाओं पर “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” जैसे स्वच्छता संदेश की प्लेटें लगाई जाएंगी, ताकि यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।  साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ई-रिक्शाओं पर तिरंगा ध्वज भी लगाया जाएगा, जिससे स्वच्छता के साथ देशभक्ति एवं नागरिक जिम्मेदारी का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
नगर आयुक्त महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम बनाने के  लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं ।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री सौरभ सिंह , मा0 पार्षद श्री गुलवीर सिंह, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी श्री महेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।