मथुरा, 28 सितंबर। मथुरा रिफाइनरी अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों की सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहती है। रिफाइनरी में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया को परखने के उद्देश्य से समय-समय पर आपातकालीन पूर्वाभ्यास आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 28 सितंबर 2026 को बीजी-1, ओएम एंड एस-I में आपातकालीन पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया।
पूर्वाभ्यास का परिदृश्य बीजी-1 लोडिंग गैंट्री पर वैगन में मोटर स्पिरिट (MS) की लोडिंग के दौरान ओवरफिलिंग के कारण MS के फैलाव से वाष्प बादल बनने तथा क्षतिग्रस्त लाइट फिटिंग के संपर्क में आने से आग लगने पर आधारित था। आग की सूचना मिलते ही संबंधित कर्मियों द्वारा आपातकालीन शटडाउन किया गया तथा फायर एंड सेफ्टी कंट्रोल रूम एवं संबंधित नियंत्रण कक्षों को सूचना दी गई। गैंट्री के वाटर स्प्रे सिस्टम को सक्रिय किया गया और फोम फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लेवल-I तथा तत्पश्चात लेवल-II आपातकाल घोषित किया गया। डिजास्टर कंट्रोल रूम को सक्रिय करते हुए विभिन्न विभागों के समन्वयकों ने अपनी निर्धारित भूमिकाओं का निर्वहन किया। फोम फायर टेंडरों एवं HVLR मॉनिटर्स के माध्यम से अग्निशमन की कार्रवाई की गई। साथ ही, क्षेत्र से गैर-संबंधित व्यक्तियों को निर्धारित असेंबली प्वाइंट पर भेजा गया तथा CISF द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी और यातायात नियंत्रण किया गया। सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन भी किया गया।
पूर्वाभ्यास के दौरान आपातकालीन सूचना के त्वरित संप्रेषण, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन शटडाउन, निकासी एवं बचाव कार्य, आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का परीक्षण किया गया। अतिरिक्त अग्निशमन फोम की उपलब्धता एवं पुनःपूर्ति की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया।
स्थिति सामान्य होने के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑल-क्लियर सायरन बजाया गया और पूर्वाभ्यास का समापन किया गया। इस पूर्वाभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में रिफाइनरी की तैयारियों का आकलन करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करना तथा किसी भी वास्तविक आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था।
इस आपदा ड्रिल के बाद एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख तथा संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। श्री अग्रवाल ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना करते हुए इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी दिए।
None