मथुरा । पूरे देश में दिनांक 28 अक्टूबर से 03 नवंबर 2024 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है | इसी क्रम में 28 अक्टूबर को मथुरा रिफाइनरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्घाटन किया गया | इस अवसर पर श्री अजय कुमार तिवारी, कार्यकारी निदेशक और रिफाइनरी प्रमुख ने सभी रिफाइनरी कर्मियों को भ्रष्टाचार को रोकने के उद्देश्य से सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई| उद्घाटन सत्र के दौरान सभी को संबोधित करते हुए, श्री तिवारी ने हमारे आस-पास होने वाली हर गतिविधि पर नज़र रखने के लिए सतर्कता अधिकारी के रूप में व्यक्ति की भूमिका के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम- "सत्यनिष्ठा की संस्कृति से देश की समृद्धि", वर्तमान परिदृश्य में सबसे उपयुक्त है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए "ईमानदारी" को आत्मसात करके हमारी संस्कृति और जीवन का एक अभिन्न अंग बनाकर सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने पर जोर दिया। इससे पहले, उपमहाप्रबंधक (सतर्कता) श्री मनीष जोशी ने स्वागत भाषण दिया और दैनिक जीवन में सतर्कता के महत्व पर प्रकाश डाला। उद्घाटन समारोह के दौरान, इंडियन ऑयल के अध्यक्ष व निदेशक (विपणन) श्री वी सतीश कुमार और निदेशक (रिफाइनरीज) श्री अरविंद कुमार का संदेश क्रमशः श्री भास्कर हजारिका, सीजीएम (एचआर) और श्री वी सुरेश, सीजीएम (टीएस एवं एच एस ई) द्वारा पढ़ा गया। सीवीओ श्री अनंत कुमार सिंह का संदेश श्री सुधांशु कुमार, सीजीएम (टी) द्वारा पढ़ा गया । मथुरा रिफाइनरी कर्मचारी संघ के महामंत्री श्री मुकेश शर्मा और ओफिसर्स एसोसिएशन के सचिव श्री रवींद्र यादव ने क्रमशः अंग्रेजी और हिंदी में नागरिक प्रतिज्ञा पढ़कर सुनाई। बाद में कार्यकारी निदेशक द्वारा सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ आसपास के गांवों में सतर्कता का संदेश फैलाएगा। इससे पूर्व दिनांक 27 अक्टूबर 2024 टाउनशिप में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया जिसमे रिफाइनरी कर्मियों के साथ साथ उनके परिवारजनों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की राह पर चलने की कटिबधता दोहराई। कार्यक्रम के बाद मंजूनाथ के जीवन पर आधारित नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया ।