मथुरा । जिला प्रशासन, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संयुक्त रूप से संचालित "हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर निगम के सेक्टर प्रभारियों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाए गए। प्रवर्तन कार्यवाही के तहत अतिक्रमण के विरुद्ध ₹16100 सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने के विरुद्ध ₹11500 तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन एवं प्लास्टिक के उपयोग एवं भंडारण के विरुद्ध ₹22000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही 12 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त की गई। इस प्रकार विभिन्न मदों में कुल ₹49,600 की प्रवर्तनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
नगर निगम के सेक्टर प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित कर प्रमुख मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ कराया गया। अभियान के दौरान कई गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (GVP) समाप्त कराए गए तथा खाली भूखंडों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जमा कूड़ा-कचरा हटवाकर क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया गया।
स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता रैलियां एवं जनसंपर्क अभियान आयोजित किए गए। व्यापारिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों एवं अन्य हितधारकों के साथ बैठकों का आयोजन कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई तथा सभी से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से दुकानदारों एवं व्यापारियों को प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रखने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने एवं नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे "हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" के संकल्प को सफल बनाने हेतु अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित ब्रज के निर्माण में अपना योगदान दें।