मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से नोएडा जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए।
हादसा राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112 के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, बस में करीब 65 यात्री सवार थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और ट्रेलर से टक्कर हादसे की वजह मानी जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।