मथुरा। अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासंघ द्वारा श्याम घाट स्थित यमुना तट पर भगवान परशुराम का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान परशुराम के जयकारों से संपूर्ण परिसर गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रयागनाथ चतुर्वेदी ने कहा कि सनातन धर्मियों और यमुना की दुर्दशा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अब परशुराम बनने का समय आ गया है। उन्होंने यमुना शुद्धिकरण में बाधा डालने वाले नेताओं एवं अधिकारियों के विरुद्ध कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया व्यक्त की। विशिष्ट अतिथियों में ब्रज प्रांत अध्यक्ष आचार्य लालजी भाई शास्त्री, जगन्नाथ स्वामी एवं ब्रज प्रांत महामंत्री यज्ञदत्त चतुर्वेदी शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्रजमंडल संरक्षक कपिलानंद चतुर्वेदी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अब दोषियों को दंड देने का समय आ चुका है और यमुना मैया से न्याय की प्रार्थना की। कार्यक्रम का संचालन ब्रजमंडल महामंत्री भूपेंद्र चतुर्वेदी ‘गप्पी’ ने किया। पूजन एवं आयोजन में अध्यक्ष मुरारीलाल उपाध्याय, जुगल किशोर अग्रवाल, विजय शर्मा, व्यास ब्रजेश चतुर्वेदी, राकेश पांडे, भोला गुरु, जीतू जी, नागेंद्र, कोषाध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी, विजय चतुर्वेदी ‘लालू’ सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने यमुना की दयनीय स्थिति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए उसके संरक्षण एवं शुद्धिकरण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।