मथुरा, 22 मार्च । उत्तर प्रदेश विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष श्री माताप्रसाद पाण्डेय को पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन ने मथुरा रिफाइनरी में संविदा श्रमिकों से अवैध रूप से पारिश्रमिक वापसी के बारे में अवगत कराया गया । यूनियन के अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी द्वारा उन्हें संबोधित पत्र गोवर्धन विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी महेश चंद शर्मा उर्फ गोल्डी भैया ने नेता प्रतिपक्ष को उनके मथुरा आगमन पर प्रस्तुत किया । यूनियन की कार्यकारिणी के सदस्य लक्ष्मण लवानिया और ए आई एस एफ नेता रवि शर्मा उनके साथ थे जिन्होंने विस्तार से नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों के उत्पीड़न उद्दापन और भेदभाव से अवगत कराया । यूनियन द्वारा सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि रिफाइनरी के अधिकांश संविदा श्रमिक स्थानीय हैं, वे उत्तर प्रदेश खास कर मथुरा जिले के नागरिक हैं जिन्हें स्टेटिक नॉन स्टेटिक के असंवैधानिक वर्गीकरण में रखकर नॉन स्टेटिक से अवैध वसूली की जाती है जिससे हर महीने बड़ी मात्रा में काले धन का सृजन होता है । यह काला धन समाज और राष्ट्र को क्षति पहुंचाता है । इस घोर अमानवीय अपराध से उत्तर प्रदेश के नागरिकों की मुक्ति राज्य सरकार का भी दायित्व है । पत्र में नेता प्रतिपक्ष से प्रार्थना की गई है कि वे राज्य और केंद्र सरकार से रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों की सेवा सुरक्षा हेतु सम्यक कार्यवाही की अपने स्तर से पहल करें । नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पांडेय ने आश्वस्त किया है कि वे इस मामले में निश्चित ही ठोस कार्यवाही हेतु पहल करेंगे ।