मथुरा ।धर्म नगरी मथुरा में एक युवा द्वारा शुरू की गई अनूठी पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां आज के दौर में जन्मदिन होटल पार्टी और केक काटकर मनाने की परंपरा प्रचलित है, वहीं शिवम् भारद्वाज ने अपने जन्मदिन को सेवा और भक्ति के रूप में मनाकर समाज को एक नई दिशा देने का कार्य किया। शिवम् भारद्वाज ने अपने जन्मदिन पर होटल पार्टी और केक काटने का कार्यक्रम निरस्त कर भगवान की शरण में भंडारा आयोजित किया। अन्यौर स्थित रोटी बैंक पर परिवार और संबंधियों के साथ उनका जन्मदिन श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिवम् भारद्वाज की बहिन ज्योति भारद्वाज एवं और भाई राहुल शर्मा ने अपनी पॉकेट मनी से भंडारे में सहयोग कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और भगवान से अपनी मनोकामनाएं मांगीं। इसके पश्चात सभी ने गिरिराज दानघाटी पहुंचकर दर्शन किए और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर शिवम् भारद्वाज ने संदेश दिया कि जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों को धर्म क्षेत्र में सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक सोच का विस्तार होता है और जरूरतमंदों को सहायता मिलती है। उनकी इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।