भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा में महाभारतकालीन स्मृतियों का भव्य लोकार्पण।
मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्म एवं कर्मभूमि, पावन नगरी मथुरा में आज महाभारतकाल की गौरवशाली स्मृतियों को जीवंत करते हुए एक ऐतिहासिक क्षण साक्षात हुआ। लक्ष्मी नगर, राया रोड स्थित भगवान श्रीकृष्ण एवं अर्जुन की रथ सहित रथ की प्रति का लोकार्पण माननीय महापौर महोदय श्री विनोद अग्रवाल जी एवं नगर आयुक्त महोदय श्री जग प्रवेश जी द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
यह रथ न केवल महाभारत के दिव्य प्रसंग का स्मरण कराती है, बल्कि मथुरा की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को भी सशक्त रूप से प्रतिष्ठित करती है। श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिया गया गीता का उपदेश आज भी मानवता के लिए जीवन-पथ प्रदर्शक है—जो कर्तव्य, नैतिकता और आत्मबोध का संदेश देता है।
इस गरिमामयी अवसर पर श्री निरंजन सिंह धनगर, चेयरमैन, को-ऑपरेटिव बैंक, माननीय क्षेत्रीय पार्षद तथा अधिशासी अभियंता श्री अमरेंद्र गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा किया गया यह लोकार्पण मथुरा को न केवल आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सुदृढ़ करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए महाभारतकालीन मूल्यों और श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को जीवंत रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।