भोर की प्रथम बेला में ब्रज स्टार्स टीम को मिला पूज्य प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद महाराज जी की तरफ से खिलाड़ियों को अंगवस्त्र पहनाया
ब्रज स्टार्स टीम का टीम के साथ 'थीम सॉन्ग' हुआ लॉन्च
मथुरा, 17 दिसंबर, 2025: ब्रज की आध्यात्मिक धरा पर आज खेल, भक्ति और शक्ति का एक अलौकिक संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (UPKL-2025) के महासंग्राम में हुंकार भरने से पूर्व, ब्रजभूमि की शान 'ब्रज स्टार्स' ने आज अपनी तैयारियों का शंखनाद आध्यात्मिक ऊर्जा और श्री बांके बिहारी जी के आशीर्वाद के साथ किया। टीम ने अपने अभियान का औपचारिक शुभारंभ पूज्य संत श्री प्रेमानंद जी महाराज के आशीर्वाद, यमुना पूजन और श्री बाँके बिहारी जी के दर्शन के साथ किया।
पूज्य प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद-
भोर की ब्रह्ममुहूर्त बेला में 'ब्रज स्टार्स' के खिलाड़ियों और प्रबंधन ने पूज्य श्री प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किए। महाराज जी ने अत्यंत वात्सल्य भाव से सभी खिलाड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
आस्था के पथ पर शक्ति का प्रदर्शन: आशीर्वाद यात्रा संतों का आशीष प्राप्त कर, टीम ने 'आशीर्वाद यात्रा' के माध्यम से आम जनमानस का आशीर्वाद लिया।
आध्यात्मिक संकल्प:
खिलाड़ियों ने सर्वप्रथम मोक्षदायिनी माँ यमुना का विधि-विधान से पूजन किया। तत्पश्चात, जन-जन के आराध्य श्री बांके बिहारी जी के चरणों में नमन कर अपनी विजय पताका फहराने का संकल्प लिया।
प्रेस वार्ता:
जीत के संकल्प के साथ भव्य आयोजन दोपहर में मसानी रोड स्थित 'ओम पैराडाइस' में एक भव्य कार्यक्रम (कर्टेन रेज़र) आयोजित हुआ।
इस अवसर पर श्री वृंदा ग्रुप के निदेशक, श्री राघव जी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा:
"ब्रज स्टार्स केवल एक टीम नहीं, बल्कि ब्रज की माटी के स्वाभिमान और युवाओं के अदम्य साहस का प्रतीक है। संतों के आशीर्वाद ने हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है। 'श्री वृंदा ग्रुप' का संकल्प अपनी प्रतिभाओं को ऐसा सशक्त मंच देना है, जहाँ से वे राष्ट्रीय पटल पर ब्रज का परचम लहरा सकें।"
समारोह के मुख्य आकर्षण:
ट्रॉफी अनावरण: वरिष्ठ समाजसेवी श्री राम अग्रवाल जी के हाथों ट्रॉफी का अनावरण संपन्न हुआ, जो टीम की तैयारियों और प्रतिबद्धता का साक्षी बना।
थीम सॉन्ग लॉन्च: टीम का जोश बढ़ाने के लिए आधिकारिक 'थीम सॉन्ग' लॉन्च किया गया। इसका संगीत इतना दमदार था कि हॉल में मौजूद हर कोई उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर यूथ आइकॉन रवि चौधरी ने भी टीम का हौसला बढ़ाया। आयोजन के अंत में,टीम के को-ओनर नेत्रपाल सोलंकी ने मीडिया जगत और समस्त ब्रजवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संतों की कृपा और जनता के अटूट विश्वास के साथ, 'ब्रज स्टार्स' अब कबड्डी की रणभूमि में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
कार्यक्रम में विशाखा अग्रवाल, केके गौतम, नीरज शर्मा, अंकित त्रिपाठी,रॉबिन चौधरी कप्तान ब्रिज स्टार्स, महेश शर्मा, हरीश शर्मा, उमेश भरद्वाज, अनिरुद्ध चतुर्वेदी, तिलक चतुर्वेदी, पवन शर्मा, दीपक अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, बाँके बिहारी महेश्वरी, जितेंद्र महेश्वरी आदि उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग का दूसरा सीजन 24 दिसंबर से 10 जनवरी 2026 तक चलेगा। 25 दिसंबर को ब्रज स्टार्स टीम अपना पहला मैच खेलगी। नोएडा स्टेडियम में 12 टीमों के बीच 63 मुकाबले खेले जाएंगे। इन टीमों में लखनऊ लायंस, यमुना योद्धा, नोएडा निन्जाज, गजब गाजियाबाद, काशी किंग्स, अवध रामदूत, ब्रिज स्टार्स, संगम चैलेंजर्स, गंगा किंग्स (मिर्जापुर), अलीगढ़ टाइगर्स, कानपुर वारियर्स और पूर्वांचल पैंथर्स शामिल हैं।