मथुरा में पोषण माह का भव्य समापन समारोह कार्यक्रम बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मॉट विधायक श्री राजेश चौधरी एवं राज्य बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर देवेन्द्र शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्री मनीष मीणा रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक राजेश चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ता बहुत मेहनत और निष्ठा से कार्य करती है किन्तु उन्हें मिलने वाला मानदेय काफ़ी कम है। राज्य बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष ने भी कार्यकर्ताओं के लिए यही विचार व्यक्त किए। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं के कार्य की प्रशंसा की और उनके द्वारा बच्चों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मिशन निरंतर सैम और मिशन सुपोषण हंड्रेड के अंतर्गत चिन्हित क्रमशः 143 एवं 645 कुपोषित बच्चों को 3 माह में कुपोषण से मुक्त करने के लिए कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की तथा केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर ज़ोर दिया। समापन कार्यक्रम में पोषण रेसिपी प्रतियोगिता, हाथ से बने खिलौनों की प्रतियोगिता तथा पोषण क्विज प्रतियोगिता का फ़ाइनल राउंड भी आयोजित किया गया। रेसिपी प्रतियोगिता में कार्यकर्ताओं ने श्री अन्य से बने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए, जिसका अतिथियों ने स्वाद लिया और भरपूर प्रशंसा की।