मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर पार्टी एक विशेष आयोजन के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष विवि में प्रवेश लेने वाले हजारों छात्र-छात्राओं ने स्वयं द्वारा और स्वयं के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में बढ़चढ़कर भाग लिया और अपनी नृत्य, संगीत और गायन की प्रतिभा को स्टेज पर प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस दौरान फैशन शो में विद्यार्थियों ने अपने आत्मविश्वास और आगे आकर उसे प्रदर्शित करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति विवि के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता और कुलपति प्रो.एमबी चेट्टी, रजिस्ट्रार मनीष मिश्रा ने किया। स्टेज पर कार्यक्रमों की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद स्टेज पर नृत्य, संगीत का जो धमाल शुरू हुआ वो चार घंटे तक चलता रहा और श्रोता विद्यार्थियों के शोर और हूटिंग से विश्वविद्यालय का परिसर गूंज उठा। फ्रेशर राखी और खुशी ने ओ जाने जाना गीत पर जमकर नृत्य प्रस्तुत किया। छात्र साहिल के गीत सैंयां सैंया, अभिनव-स्नेहा द्वारा तू है तो दिल धड़कता है गीत सुनाकर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। मणिपुर की लोककला को ब्रजबाला ने स्टेज पर एक परंपरागत नृत्य प्रस्तुत कर जीवंत कर दिया। छात्रा भारती ने बालीवुड के मिश्रित गीतों पर धमाकेदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद जिस छात्र गुंजन पाठक ने बालीवुड गीतों पर अपने भावपूर्ण नृत्य से खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों की जबर्दस्त मांग पर उसने एक और गीत पर जबर्दस्त नृत्य कर सबका दिल जीत लिया। इसी बीच एक छात्र ने बांसुरी की ऐसी धुन बिखेरी कि सबके मन धुन के साथ गोते लगाने लगे। आयुष्मान का गाया, कालेज की लड़कियो गीत छात्र-छात्राओं के दिलोदिमाग पर छा गया। शुभांशु और तनिष्का ने गीत, एक दिन तेरी बाहों, बाहों में पनाहों में, पर जोरदार नृत्य प्रस्तुत किया। अनूप ने भी अपने नृत्य से खूप वाहवाही लूटी। इसी बीच बिहार में मनाई जाने वाली छठ पूजा को जागृति और उसके सहयोगियों ने नृत्य नाटिका से स्टेज पर जीवंत कर दिया। सुप्रिया और उसके साथियों ने पल्लू लटके मेरो पल्लू लटके गीत पर अपने नृत्य से सबका खूब मनोरंजन किया। लकी ने अपने गिटार वादन और गायिकी से, केशव एवं करिश्मा ने एक पंजाबी गीत से खूब दिल बहलाया। अविनाश ने, चुरा के दिल मेरा गोरिया चली गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। इस नृत्य और संगीत के कार्यक्रम के बीच तीन चरणों में फैशन शो के अंतर्गत जुली कुमारी, प्रियंक, जाह्नवी, आशुतोष, अनन्या सिंह, ललित चौधरी, नीतू, दिया दास, शुभम सिंह, वैष्णवी, रघुवंश त्रिपाशी, जैद, मनीश राजपूत आदि ने रैंप वाक कर अपने आत्मविश्वास का जबर्दस्त प्रदर्शन किया। फ्रेशर पार्टी के इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विवि की सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी शर्मा और मो.फहीम अख्तर का विशेष योगदान रहा। खूब मस्ती करें लेकिन पढ़ाई के प्रति गंभीर भी रहेःडा.सचिन फ्रेशर पार्टी के दौरान संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता ने विवि में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि जब मनोरंजन का वक्त हो तो खुलकर मस्ती करें लेकिन जब पढ़ाई का समय हो तो मन लगाकर पढ़ें। उन्होंने कहा कि आपके परिजनों को आपसे बहुत उम्मीदें होती हैं, उनपर खरा उतरिये। आप संस्कृति विवि के प्रतिनिधि हैं, इसलिए हमेशा ध्यान रखिए कि आपका व्यवहार संस्कारित होना चाहिए। समाज में तभी आप अपनी पहचान बना पाएंगे जब आप एक संस्कारित जीवन जिएंगे। यहां आपको पढ़ाई के साथ-साथ एक अच्चा नागरिक भी बनाया जाता है। उन्होंने सभी को उज्ज्व भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।