मथुरा यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से मथुरा-वृंदावन के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर जिला प्रशासन द्वारा संचालित बाढ़ राहत केंद्रों एवं शेल्टर होम्स में ठहराया गया है। नगर आयुक्त महोदय श्री जग प्रवेश जी ने गुरुकुल विद्यालय, वृंदावन में स्थापित बाढ़ राहत केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविरों में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं — भोजन, शुद्ध पेयजल, मेडिकल कैंप, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता आदि का गहन जायजा लिया। इस अवसर पर राहत केंद्र में मौजूद परिवारों को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई।बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के साथ-साथ नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। राहत केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, भोजन, शौचालय, प्रकाश एवं जनरेटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही नियमित रूप से एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, सफाई एवं चूना छिड़काव भी कराया जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीमों को शिफ्ट वाइज ड्यूटी में तैनात किया गया है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि शिविरों में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। समय-समय पर शौचालयों की सफाई सुनिश्चित हो। एंटी-लार्वा एवं फॉगिंग का कार्य नियमित रूप से चलता रहे और कर्मचारी निर्धारित शिफ्ट के अनुसार अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी से कार्य करें।इस निरीक्षण अवसर पर एडीएम (वित्त) श्री पंकज कुमार, पार्षद प्रतिनिधि श्री तिलक वीर चौधरी, सहायक नगर आयुक्त श्री अनुज कौशिक एवं क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी श्री महेश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।