मथुरा ।नगर निगम मथुरा-वृन्दावन (वृन्दावन जोन) द्वारा परिक्रमा मार्ग को सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य मूर्तियों की स्थापना की योजना बनाई गई थी। इनमें पहला स्थान गौरी गोपाल गौशाला के पास तथा दूसरा जुगल घाट के समीप पार्क निर्धारित किया गया था। इनमें से गौरी गोपाल गौशाला के पास बाल गोपाल की सुंदर व मनमोहक मूर्ति की स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि जुगल घाट के पार्क में स्थापित की जाने वाली श्रीकृष्ण भगवान की मूर्ति का कार्य तेजी से प्रगति पर है। महापौर एवं नगर आयुक्त ने गौरी गोपाल गौशाला के पास स्थापित बाल गोपाल मूर्ति का पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने वृन्दावन जोन में तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई विशेष कार्य तेजी से शुरू कराए हैं। इनमें श्री बांके बिहारी जी मंदिर व अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास एवं मुख्य मार्गों पर पैचवर्क व मरम्मत कार्य, बैरियर व बैरिकेडिंग, प्रसाद वितरण केंद्र, खोया-पाया केंद्र, जूता घर जैसी व्यवस्थाओं की स्थापना शामिल है। अधिकारियों को इन कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जन्माष्टमी पर्व पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर मा0 उप सभापति श्री मुकेश सारस्वत जी, नगर अध्यक्ष श्री जितेन्द्र वार्ष्णेण जी, पूर्व नगर अध्यक्ष श्री विनीत शर्मा जी, पार्षद प्रतिनिधि श्री सतीश बघेल जी, पार्षद श्री धनश्याम चौधरी जी, पार्षद श्री पंकज अरोडा जी, पार्षद श्री शशांक शर्मा जी, पार्षद श्री सुमित गौतम जी, अपर नगर आयुक्त श्री चन्द्र प्रकाश पाठक जी, सहायक नगर आयुक्त श्री अनुज कौशिक जी, मुख्य अभियन्ता श्री संजय चौहान जी, अवर अभियन्ता श्री अरूण कुमार, श्री होशियार सिंह, उज्जवल ब्रज स्टॉफ आदि अनेकों अधिकारी/कर्मचारी व वृन्दावन नगर में आने वाले अनेकों श्रृद्वालु/साधु संत उपस्थित हुये। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय रहा और लोगों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले इस पहल को नगर निगम की एक सराहनीय पहल बताया।