*मथुरा 19 मार्च/* निर्वाचन प्रक्रिया, निर्वाचक नामावली एवं अन्य बिन्दुओं के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के साथ बैठक हुई संपन्न। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी का परिचय लेते हुई बैठक का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह बैठक आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने के लिए आयोजित की गई है। निर्वाचन एक संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसके लिए हम सभी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रशासन कटिबद्ध है। मतदाता सूची को समय समय पर शुद्ध कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बताया कि नए वोटर बनने, वोटर कार्ड में नाम कटवाने, जुड़वाने, संशोधन, ट्रांसफर आदि कराने हेतु वर्ष में 4 बार मौका मिलता है। आप सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता सूची निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रदान कर दी गई है, आप सभी उसमें किसी भी प्रकार की समस्या हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय या संबंधित उप जिलाधिकारी से निराकरण करा सकते है। जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करे तथा समस्त बूथों में बी0एल0ए0 (बूथ लेबिल एजेंट्स) की नियुक्ति करे। जिलाधिकारी ने सभी को फॉर्म 6, 7 एवं 8 के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रपत्र 9, 10, 11, 11(ए) एवं 11(बी) तथा सर्विस वोटर व ओवरसीज वोटर्स के बारे में बताया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 2130 बूथ है व 2130 बीएलओ है तथा 184 सुपरवाइजर है। जनपद में 1036534 पुरुष, 900710 महिला तथा 63 थर्ड जेंडर वोटर कुल 1937307 वोटर है। जनपद का जेंडर रेशियों 869 तथा ई0पी0 रेशियों 59.70 है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि माह में 1 बार सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करे, समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा आगामी सर्वे में अधिकाधिक महिलाओं का वोटर कार्ड बनवाते हुए जेंडर रेशियों पर कार्य कराए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व / उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगानंद पांडेय ने अवगत कराया है कि प्रत्येक वर्ष मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम माह अक्टूबर से माह नवम्बर के मध्य होता है। जिसका आलेख्य प्रकाशन वर्ष के माह अक्टूबर में कराया जाता है। आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को निःशुल्क उपलब्ध करायी जाती हैं एवं जनपद के सभी मतदान केन्द्र, मतदेय स्थल, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय के कार्यालय में उपलब्ध रहती है। मतादाता सूची का अन्तिम प्रकाशन प्रत्येक वर्ष जनवरी के प्रथम सप्ताह में किया जाता है। अन्तिम प्रकाशित मतदाता सूची जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को हार्ड एवं साफ्ट कापी में निःशुल्क उपलब्ध करायी जाती हैं एवं जनपद के सभी मतदान केन्द्र, मतदेय स्थल, निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध रहती है। निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का सम्पूर्ण कार्यक्रम समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को पुनरीक्षण अवधि से पूर्व बैठक आयोजित कर उपलब्ध कराया जाता है। पुनरीक्षण के पूर्व समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेबिल एजेन्ट्स (बी०एल०ए०) नियुक्त करते हुये, नियुक्त किये गये बी०एल०ए० की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों से अनुरोध है कि बी०एल०ए अवश्यक नियुक्त कर लें तथा उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं सम्बन्धित तहसील / निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी को अवश्य उपलब्ध करा दें। पुनरीक्षण अवधि में प्रत्येक सप्ताह प्राप्त हुए दावे और आपत्तियों की सूची (फार्म- 9,10,11 इत्यादि) समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराये जाते हैं। उक्त सूची जनपद की वेबसाइट https://mathura.nic.in/ के डी०ई०ओ० पोर्टल पर भी प्रदर्शित कराये जाते हैं। जहाँ से उनका प्रिन्ट आउट भी लिया जा सकता है। समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय रानैतिक दलों को मतदेय स्थलों की सूची भी पुनरीक्षण प्रारम्भ होने से पूर्व प्राप्त करा दी गयी है। पुनरीक्षण अवधि के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित कर उन्हें पुनरीक्षण की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया जाता है एवं साथ ही उनसे पुनरीक्षण सम्बन्धित यदि कोई शिकायत या सुझाव हो तो प्राप्त कर उनको निस्तारित कराये जाने की कार्यवाही करायी जाती है। आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची की हार्ड एवं साफ्ट कॉपी भी समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी गयी है। अन्तिम प्रकाशित मतदाता सूची की हार्ड एवं साफ्ट कॉपी भी समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी गयी है। प्रत्येक वर्ष निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण से पूर्व घर-घर मतदाताओं के सत्यापन की कार्यवाही की जाती है। पुनरीक्षण पूर्व मतदेय स्थलों का सम्भाजन समायोजन किया जाता है। उक्त सम्भाजन समायोजन की आलेख्य एवं अन्तिम प्रकाशित मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कापी समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को उपलब्ध करायी जाती है। उक्त के साथ साथ इसको जनपद की वेबसाइट https://mathura.nic.in/ के डी०ई०ओ० पोर्टल पर भी प्रदर्शित किया जाता है। समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को यह भी अवगत कराया गया है कि पुनरीक्षण के पूर्व की सभी पूरक सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी की website:- https://ceouttarpradesh.nic.in/ पर public domain में उपलब्ध है और किसी भी व्यक्ति द्वारा इनका अवलोकन किया जा सकता है। उपस्थित समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को यदि निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण या अन्य निर्वाचन के किसी विषय के सम्बन्ध में कोई शिकायत या सुझाव हो तो वो उपलब्ध करा सकते हैं। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, सी0पी0आई(एम) आदि दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में उप जिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर रिंकू सिंह राही, उप जिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मांट अभिनव जे जैन, उप जिलाधिकारी छाता श्वेता, उप जिलाधिकारी महावन आदेश कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन नीलम श्रीवास्तव, जिला निर्वाचन कार्यालय से सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल आदि उपस्थित रहे।